रेलवे स्टेशन रोड से बंशी पान तक बन रहे 2.7 किमी लंबे एलिवेटेड रोड के निर्माण की रफ्तार काफी धीमी है। 22 माह में अब तक 60 फीसदी काम ही हो पाया है। जबकि, इस प्रोजेक्ट की डेडलाइन जनवरी 2027 है। अभी 40 प्रतिशत काम अधूरा है। निगम के अनुसार यह काम 5 माह की देरी से अगले साल जून तक पूरा होगा। शहर के मुख्य चौराहे देहलीगेट और कोर्ट सर्किल पर अभी काम शुरू नहीं हुआ है। दिवाली बाद दोनों जगह काम शुरू होगा। इस दौरान कोर्ट चौराहे के बीच पार्क में लगी डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को कुछ समय के लिए हटाया जाएगा। चौराहे पर ओ-शेप में पार्क बना है। इसके बीच एलिवेटेड के पिलर लगाए जाने हैं। इसके लिए पार्क शिफ्ट किया जाएगा। हालांकि, काम पूरा होने के बाद प्रतिमा को वापस वहीं स्थापित कर दिया जाएगा। उदियापोल से बंशीपान के बीच 83 पिलर और उन पर 74 पियर कैप लगाए जा चुके हैं। रेलवे स्टेशन रोड से उदियापोल चौराहा, सूरजपोल चौराहे से कस्तूरबा हॉस्पिटल और कलेक्ट्री के बाहर स्लैब लगाने का काम भी पूरा हो चुका है। अब इन पर डामर की सड़क बनाई जाएगी। एलिवेटेड से हॉस्पिटल रोड पर उतरने वाले रैंप की तैयारी भी शुरू हो गई है। यहां भी 4 पिलर और पियर लगा दिए है। उदियापोल-सूरजपोल रोड के बीच नाला शिफ्टिंग का काम भी तीन दिन पहले पूरा हो गया। अब दीवाली बाद यहां काम शुरू होगा। 22 माह में 60% काम पूरा, अगले साल जून तक सौगात इस साल मेवाड़ से रूठे मानसून ने एलिवेटेड रोड के निर्माण की रफ्तार बढ़ा दी। मानसून से पहले एलिवेटेड का काम 40 प्रतिशत ही हुआ था। बारिश के कारण काम और धीमा होना तय था। लेकिन, बारिश नहीं हुई तो काम भी जारी रहा। ऐसे में साढ़े तीन माह में 20 प्रतिशत और काम पूरा हो गया। अब काम 60 फीसदी तक पहुंच चुका है। दूसरी ओर, त्योहार का सीजन शुरू हो गया है। दीपावली पर काम करने वाले श्रमिक अपने-अपने घर जाएंगे। यानी आधे नवंबर बाद फिर काम शुरू होगा। ऐसे में काम की रफ्तार भी धीमी पड़ जाएगी। एलिवेटेड रोड से 70 हजार वाहन चालकों को मिलेगी राहत एलिवेटेड रोड का काम 14 दिसंबर 2024 को शुरू हुआ था। 136.89 करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट में 12 मीटर चौड़ी रोड बनाई जा रही है। इसका एक हिस्सा एमबी हॉस्पिटल रोड पर भी उतरेगा। पूरे मार्ग में 17-17 फीट ऊंचाई के 116 पिलर लगाए जा रहे हैं। उदियापोल से बंशी पान तक रोज करीब 70 हजार वाहनों का दबाव रहता है। इसी मार्ग में उदियापोल, सूरजपोल, देहलीगेट और कोर्ट चौराहा जैसे शहर के सबसे व्यस्त सर्किल आते हैं। कलेक्ट्री और कोर्ट परिसर भी इसी हिस्से में हैं, जहां परिवादियों और धरना-प्रदर्शन के चलते अक्सर ट्रैफिक ठप रहता है। एलिवेटेड का काम पूरा होने के बाद रेलवे स्टेशन रोड से एमबी हॉस्पिटल और बंशी पान तक वाहन सीधे निकल सकेंगे, जिससे शहर को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।