परकोटे में व्यापारी के साथ ई-रिक्शा में बैठकर उसके बैग से 2 करोड़ रुपए से अधिक के रत्न चुराने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी गुजरात की रहने वाली है। पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर उसका सुराग लगाया। महिला को शिनाख्त परेड के लिए बापर्दा गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से चोरी हुए 11.52 कैरेट के एमरल्ड राउंड (2), 144.66 कैरेट की एमरल्ड मणियां (4) और 11 अन्य पैकेट में 942.52 कैरेट एमरल्ड बरामद किए हैं। इनकी बाजार कीमत 2 करोड़ से अधिक बताई है। डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि 15 अक्टूबर को जेमस्टोन ब्रोकर ने माणकचौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह व्यापारियों से रत्नों के पैकेट लेकर दोपहर करीब 2:21 बजे गोपालजी के रास्ते से ई-रिक्शा में सांगानेरी गेट की तरफ जा रहा था। इसी दौरान साथ बैठी महिला ने बैग से रत्नों के 13 पैकेट चुरा लिए और उतर गई। एसएचओ राकेश ख्यालिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पहले व्यापारी के ई-रिक्शा का पता लगाया। इसके बाद महिला की गतिविधियों का पता लगाकर उसे पकड़ लिया। बार-बार ई-रिक्शा बदलती दिखी तो हुआ शक, झुग्गियों में छिपी, पुलिस पहुंची सीसीटीवी फुटेज में एक महिला बार-बार ई-रिक्शा बदलती नजर आई। इस पर पुलिस को संदेह हुआ। उसकी गतिविधियों का पता लगाने पर सामने आया कि वारदात के बाद वह शहर के बाहरी क्षेत्र सायपुरा की कच्ची झुग्गी-झोपड़ियों में छिप गई थी। पुलिस ने वहां मुखबिर तैनात कर उसकी पहचान की और पूछताछ के बाद चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया। जौहरी बाजार में व्यापारी-दलालों का पीछा करती थी पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला गुजरात से जयपुर आकर झुग्गी-झोपड़ियों में ठिकाना बना चुकी थी। वह रोजाना खरीदार बनकर जौहरी बाजार सहित अन्य बाजारों में व्यापारियों की दुकानों पर जाती थी। वहां व्यापारियों और रत्न दलालों की रेकी करने के बाद उनका पीछा करती थी। पुलिस महिला से अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े सदस्यों के बारे में पूछताछ कर जानकारी की पुष्टि कर रही है।