ग्राम पंचायत मुख्यालय दलोट स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर विद्यालय की सभी कक्षाओं की चाबियां, लैपटॉप चार्जर, सैमसंग कंपनी का प्रिंटर और सफेद कागज के चार बॉक्स चुरा ले गए। इसके अलावा अक्षय पेटिका और गरिमा पेटिका में रखी राशि भी निकाल ली। चोरों ने विद्यालय में रखे पुराने दस्तावेजों को भी अस्त-व्यस्त कर दिया। सुबह शिक्षकों के विद्यालय पहुंचने पर घटना का पता चला। इसके बाद विद्यालय प्रशासन ने सालमगढ़ थाने में सूचना दी। जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर देर रात विद्यालय परिसर में घुसे और कक्षाओं में रखे सामान को खंगाल कर चोरी कर ले गए। वारदात का खुलासा सुबह हुआ, जब शिक्षक विद्यालय पहुंचे। परिसर में सामान बिखरा देखकर चोरी का पता चला। इसके बाद विद्यालय प्रबंधन ने कमरों की जांच कर चोरी हुए सामान की जानकारी जुटाना शुरू किया। शैक्षणिक कार्यों में उपयोग होने वाले उपकरणों की चोरी से स्कूल की व्यवस्थाएं प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, पुराने दस्तावेज अस्त-व्यस्त मिलने से रिकॉर्ड की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। जांच के बाद सामने आएगा नुकसान का आंकड़ा : विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता देवी ने बताया कि चोरी की घटना के बाद सामान की जांच की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि चोर अन्य कौन-कौन सी वस्तुएं ले गए हैं। प्रत्येक कक्ष और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद ही चोरी गए सामान की वास्तविक स्थिति और नुकसान का पता चल सकेगा। पुलिस ने किया मौका मुआयना, जांच जारी : सालमगढ़ थानाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर पंचनामा तैयार कर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में अनुसंधान जारी है और चोरी से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने की बात कही है।