प्रतापगढ़ | पंचायतीराज आम चुनाव के अंतर्गत जिले में मतदान दलों का सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण शुक्रवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय प्रतापगढ़ में आयोजित किया गया। । प्रथम सत्र प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 1:30 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित किया गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार पंड्या ने उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को मतदान प्रक्रिया में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की शंका या जिज्ञासा होने पर उसका समाधान प्रशिक्षण के दौरान ही प्राप्त करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में पीआरओ एवं पीओ प्रथम क्रमांक 261 से 390 तक के कार्मिकों को ऑडिटोरियम हॉल में सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया, जबकि प्रायोगिक प्रशिक्षण के लिए कार्मिकों की कक्षवार व्यवस्था की गई। द्वितीय सत्र में पीआरओ एवं पीओ प्रथम क्रमांक 391 से 520 तक के कार्मिकों को सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया तथा निर्धारित कक्षों में प्रायोगिक प्रशिक्षण आयोजित किया गया।