हनुमानगढ़ के टिब्बी थाना क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पंजाब निवासी 3 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ितों से कुल 10 लाख रुपए की ठगी की गई है। जानकारी के अनुसार टिब्बी निवासी गुरवीर सिंह और गुरप्रीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी जान-पहचान पंजाब के संगरूर निवासी किरणदीप कौर से हुई थी। किरणदीप कौर ने खुद को इमीग्रेशन से जुड़ा बताकर दोनों को कम खर्च में पोलैंड भेजने का झांसा दिया। 20 हजार कैश, बाकि बैंक खाते में ट्रांसफर की राशि कुछ समय बाद किरणदीप कौर अपने साथ सुखपाल कौर और पाल सिंह (निवासी फफडे भाइके, मानसा) को लेकर टिब्बी आई। तीनों आरोपियों ने खुद को इमीग्रेशन एजेंट बताया और भरोसा दिलाया कि वे बिना किसी रिफ्यूजल के विदेश भेज देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वीजा नहीं लगा तो पूरी राशि वापस कर दी जाएगी। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, आरोपियों ने उनसे प्रति व्यक्ति 5 लाख रुपए, यानी कुल 10 लाख रुपए की मांग की। विश्वास में आकर पीड़ितों ने पहले 20 हजार रुपए नकद दिए और बाद में बैंक खाते के माध्यम से भी शेष रकम ट्रांसफर की। आरोप है कि आरोपियों ने खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाकर उनके दस्तावेज भी अपने पास रख लिए। आरोपियों की तलाश जारी परिवादियों ने बताया कि आरोपियों ने पहले कई लोगों को विदेश भेजने का दावा कर उनका विश्वास जीता था। हालांकि, बाद में न तो उनका वीजा लगा और न ही पैसे वापस किए गए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ितों ने न्यायालय की शरण ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है। गौरतलब है कि विदेश भेजने के नाम पर ठगी के ऐसे कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को ऐसे मामलों में सतर्क रहने और किसी भी इमीग्रेशन एजेंट पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जांच करने की सलाह दी है।