बांसवाड़ा| विश्व स्वास्थ्य दिवस पर वागड़ की धरती आध्यात्मिक और स्वास्थ्य चेतना के महाकुंभ का साक्षी बनेगी। शहर में लोधा पावर हाउस के सामने रॉयल केसरी हॉल में मंगलवार दोपहर 2 से 5 बजे तक ‘हर मास एक उपवास’ महाभियान का पांचवां कार्यक्रम और अंतर्मना पुरस्कार समारोह आयोजित होगा। अंतर्मना धार्मिक-पारमार्थिक न्यास तथा पतंजलि योगपीठ हरिद्वार की ओर से यह कार्यक्रम आचार्य प्रसन्न सागर महाराज एवं योगगुरु बाबा रामदेव के सानिध्य में होगा। मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे होंगी। सेवानिवृत्त आईएएस दुर्गाशंकर मिश्रा, कवि डॉ. हरिओम पंवार, प्रेरक वक्ता उज्ज्वल पाटनी, पर्यावरणविद प्रवीण नायक, कलासंत बाबा सत्यनारायण मौर्य भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रवेश पास के आधार पर मिलेगा।