विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को टोंक शहर में दो स्थानों पर भव्य आतिशबाजी के साथ रावण दहन कार्यक्रम होगा। दशहरा महोत्सव को लेकर आयोजकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के हाट बाजार मैदान में नगर परिषद की ओर से और गांधी खेल मैदान में श्री राम गोपाल मांगीलाल धर्म ट्रस्ट श्री रामकृष्ण मंदिर की ओर से रावण दहन किया जाएगा। दोनों स्थानों पर श्रीराम की सेना की शोभायात्रा निकाली जाएगी। नगर परिषद सभापति मयंक गोयल एवं समाजसेवी मिथिलेश गर्ग ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी नगर परिषद की ओर से हाट बाजार मैदान में दशहरा महोत्सव आयोजित होगा। इसके लिए जयपुर के कलाकार रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले तैयार कर मैदान में स्थापित करेंगे। इस बार रावण का पुतला 51 फीट ऊंचा और कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले 41-41 फीट ऊंचे बनाए गए हैं। आतिशबाजी के बीच रावण दहन का भव्य आयोजन होगा। कार्यक्रम के तहत भगवान श्रीराम की सेना मंशापूर्ण भूतेश्वर महादेव मंदिर से व्यायामशाला के पट्टेबाजों के साथ रवाना होगी। यह शोभायात्रा मुख्य बाजार से होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां विधि-विधान के साथ रावण दहन किया जाएगा। गांधी खेल मैदान में भी होगा रावण दहन रामगोपाल मांगीलाल धर्म ट्रस्ट श्री रामकृष्ण मंदिर टोंक की ओर से भी विजयदशमी पर दशहरा महोत्सव मनाया जाएगा। ट्रस्ट के महामंत्री राजू बंसल ने बताया कि मंगलवार शाम को श्रीरामकृष्ण मंदिर से भगवान श्रीराम की सेना पंचमुखी व्यायामशाला के अखाड़े के साथ रवाना होगी। शोभायात्रा बड़े कुएं होते हुए गांधी खेल मैदान पहुंचेगी। यहां भगवान श्रीराम द्वारा 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। दोनों स्थानों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर शहरवासियों में उत्साह है। भव्य आतिशबाजी, पारंपरिक शोभायात्राओं और रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया जाएगा।