कोटा में ट्रेन में एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। जीआरपी पुलिस ने देर रात रात 1 बजे परिजनों की सूचना पर ट्रेन का कोच चेक किया तो बाथरूम बंद मिला। दरवाजा खोलने पर जगमोहन अचेत अवस्था में था। तुरंत जीआरपी पुलिस एमबीएस अस्पताल लेकर गई। यहां डॉक्टर ने चेक कर मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जगमोहन (37) पुत्र लालजी, निवासी खड़कपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। जगमोहन के बड़े भाई ने बताया- वो अपनी भाभी को इलाज के लिए इंदौर लेकर गया था। दोनों कोटा-इंदौर ट्रेन से वापस लौट रहे थे। यात्रा के दौरान रात में जगमोहन ट्रेन के शौचालय में गया, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकला। इस बीच उसकी भाभी रुठियाई स्टेशन पर उतर गई, यह सोचकर कि वह भी उतर जाएगा। लेकिन जब वह नहीं उतरा तो परिजनों को चिंता हुई। इसकी सूचना दी गई। रेलवे स्टाफ की मदद से ट्रेन के बाथरूम का दरवाजा खोला गया परिजनों द्वारा कोटा में सूचना मिलने के बाद जीआरपी थाना पुलिस हरकत में आई। डीएसपी शकील खान के निर्देश पर देर रात रेलवे स्टाफ की मदद से ट्रेन के बाथरूम का दरवाजा खोला गया, जहां जगमोहन अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे तुरंत कोटा के एमबीएस अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े भाई ने बताया- जगमोहन खेती का काम करता था और अपनी भाभी को इलाज के लिए इंदौर ले गया था। वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। जीआरपी डीएसपी शकील खान ने बताया-कि घटना के बाद शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। परिजनों की शिकायत पर जीआरपी थाना अधिकारी ने मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीएसपी शकील खान ने बताया- मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इंदरगढ़ स्टेशन पर गिरने से यात्री की मौत वहीं, एक अन्य मामल में जीआरपी डीएसपी शकील खान ने बताया- कोटा से जयपुर जा रही कोटा-सिरसा एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्री फुलचंद की स्टेशन पर गिरने से मौत हो गई। 10 अप्रैल की रात इंदरगढ़ स्टेशन पर ट्रेन रुकते समय वह गिरकर घायल हो गया। साथी मुकेश कुमार ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से कोटा रेफर किया गया। कोटा के प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।