भरतपुर| जिला जूडो संघ की ओर से सब जूनियर वर्ग की जिला जूडो टीम के चयन के लिए 30 अक्टूबर, शुक्रवार को ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। जिला जूडो संघ के अध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि इंदिरा नगर स्थित कराटियंस स्पोर्ट्स एकेडमी में चयन स्पर्धा होगी। इसमें चयनित खिलाड़ी नवंबर में प्रस्तावित राजस्थान राज्य सब जूनियर जूडो प्रतियोगिता में भरतपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। संघ के सचिव ओंकार पंचोली ने बताया कि वर्ष 2012, 2013 और 2014 में जन्मे खिलाड़ी चयन स्पर्धा में भाग ले सकेंगे। खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, एवीटी की मूल प्रति व छायाप्रति और दो फोटो के साथ प्रविष्टि जमा करानी होगी। जन्म प्रमाण पत्र कम से कम तीन साल पुराना होना अनिवार्य है। निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले खिलाड़ियों को ही ट्रायल में भाग लेने की अनुमति दी जाएगी। इस संबंध में आयोजित बैठक में संघ के कोषाध्यक्ष कुलदीप जघीना, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्याम सुंदर गौड़, लाखन पहलवान, सौरभ माथुर, दीपक तिवारी, एडवोकेट अक्षय तिवारी, मनोज, संतोष चतुर्वेदी, महेंद्र सिंह, विवेक शर्मा और राजकुमार डब्बू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।