सदर थाना क्षेत्र के बमोर रोड स्थित ज्योति नगर में घर का गेट तोड़कर मोटरसाइकिल चोरी करने का मामला सामने आया है। वारदात 8 सितंबर की रात करीब 1:25 बजे हुई। चोर घर के बाहर लगे गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और मोटरसाइकिल चोरी कर ले गए। चोरी की पूरी वारदात घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं। पीड़ित हेमराज गुर्जर ने बताया कि रात को करीब 1:25 बजे दो लोग घर के पास पहुंचे। इसके बाद गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मोटरसाइकिल को बाहर निकालकर ले गए। चोरों ने बाइक को ले जाने के दौरान उसका पेट्रोल पाइप भी काटा। घटना का पता चलने के बाद तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष को रात 2:42 बजे फोन कर चोरी की सूचना दी। इसके बाद वह रात करीब 2:50 बजे सदर थाना टोंक पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पीड़ित के अनुसार चोरी हुई मोटरसाइकिल घर में खड़ी थी। सीसीटीवी फुटेज में वारदात के दौरान दो लोग दिखाई दे रहे हैं, जिससे पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान और बाइक बरामद करने की चुनौती है। पीड़ित ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने तथा चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद करने की मांग की है।