उदयपुर शहर के जगदीश चौक के पीछे लालघाट रोड पर बुधवार को नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। महापौर पारस सिंघवी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी से 9 दुकानों और रेस्टोरेंट के बाहर हो रहे अवैध अतिक्रमण तोड़ दिए। एक दुकान के बाहर शटर को तोड़ा। वहीं दूसरी ओर इसी इलाके में सुबह प्री-वेडिंग शूट कर रहे वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट प्रमोद सोनी के बेटे दीपक सोनी के साथ एक हैंडीक्राफ्ट दुकानदार ने मारपीट कर दी। इसके बाद जब प्रमोद सोनी खुद मौके पर पहुंचे तो दुकानदार उनके साथ भी बंधकर बनाकर मारपीट की। इस घटना के बाद शहर के पत्रकारों और स्थानीय लोगों में गुस्सा फैल गया। घंटाघर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शाह हैंडीक्राफ्ट से जुड़े तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। अवैध रूप से बने थे लोहे के शेड और पक्के रैंप महापौर पारस सिंघवी कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम और जेसीबी लेकर लालघाट रोड पहुंचे। यहां छोटे दुकानदारों और रेस्टोरेंट वालों ने सड़क पर अवैध रूप से लोहे के शेड और पक्के रैंप बना रखे थे। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश भी की, लेकिन मेयर पारस सिंघवी के निर्देश पर निगम दस्ते ने किसी की नहीं सुनी। जेसीबी से सारे पक्के और अस्थाई अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए। कुल उस गली में 9 दुकानों पर कार्रवाई हुई। दुकानों के बाहर अवैध रूप से लगे 'नो वीडियो रिकॉर्डिंग' के पोस्टर निगम महापौर पारस सिघंवी ने बताया कि लालघाट रोड की दुकानों के बाहर अवैध रूप से 'नो वीडियो रिकॉर्डिंग' के पोस्टर चिपकाए गए हैं। उदयपुर में देशभर से लोग प्री-वेडिंग शूट और घूमने के लिए आते हैं, जिन्हें पर्यटन विभाग बढ़ावा देता है। वहीं पुराने शहर के इस इलाके में असामाजिक तत्वों ने मनमर्जी से वीडियो रिकॉर्डिंग पर रोक के नोटिस लगा रखे हैं। इसकी जानकारी न तो पर्यटन विभाग को थी और न ही स्थानीय पुलिस को थी। फोटो जर्नलिस्ट के बेटे दीपक अपने दोस्त नितेश और हेमंत के साथ प्री-वेडिंग शूट कर रहे थे। इसी दौरान वहां स्थित दुकानदारों ने उन्हें टोका और कहा कि इस इलाके में कैमरा चलाने की इजाजत नहीं है। जब दीपक ने बिना वजह परेशान करने का विरोध किया तो शाह हैंडीक्राफ्ट के सिद्दीक, टीना और उनके साथियों ने दीपक और उनकी टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस झगड़े में दीपक का कैमरा भी टूट गया। बेटे के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर पिता और वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट प्रमोद सोनी तुरंत मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई की और पिता-पुत्र दोनों को धक्का देकर दुकान के अंदर खींचकर कुछ देर बंधक बनाया। गेट बंदकर मारा दीपक सोनी ने बताया कि पहले बदमाशों ने दुकान का गेट बंद कर लिया और दीपक को बाल खींचते हुए घसीटा। दुकान के अंदर मौजूद 4 से 5 लोगों ने लोहे के सरिए और डंडों से दीपक पर वार किए, जिससे उन्हें अंदरूनी चोटें आईं। आरोपियों ने पिता-पुत्र को जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह दोनों बदमाशों के चंगुल से छूटकर बाहर भागे और घंटाघर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इस घटना की जानकारी मिलते ही शहर के पत्रकार घंटाघर थाने पर जमा हो गए। आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। घंटाघर थाना पुलिस ने सिद्दीक, टीना और अन्य को खिलाफ आरोपियों को हिरासत में लिया है।