उदयपुर के भूपालपुरा थाना क्षेत्र में बीएन यूनिवर्सिटी मैदान में चल रहे मेगा ट्रेड फेयर के बाहर बीती रात चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात बदमाशों ने प्रोफेशनल एंकर प्रतीक्षा दवे की थार कार का शीशा तोड़ा और उसके अंदर रखा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में करीब एक लाख रुपए नकद, सोने का मंगलसूत्र, कान के झुमके, सोने के चेन आदि रखे हुए थे। जिन्हें बदमाश चुरा ले गए। पीड़िता जब मेले से लौटकर बाहर आई तो घटना का पता लगा। जिसके बाद उसने भूपालपुरा थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं, पुलिस आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए चोरों की तलाश में जुटी है। एक घंटे बाद बाहर आई तो कार के शीशे टूटे मिले पीड़िता प्रतीक्षा दवे ने बताया कि मैंने रात करीब 9 बजे मेरी कार फेयर के सामने रोड फ्लाईओवर के नीचे पार्क की थी। एक घंटे बाद जब वापस लौटी तो कार के टूटे शीशे देखकर हैरान रह गई। मैंने अंदर देखा तो मेरा बैग गायब था। जिसमें एक लाख रुपए से ज्यादा नकद और सोने की ज्वेलरी थी। प्रतीक्षा ने बताया कि घटना ज्यादा देर रात की भी नहीं है और दोनों तरफ रोड पर ट्रेफिक चल रहा था। ऐसे में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस से मेरी मांग है कि चोरों को जल्द पकड़कर मेरा चोरी किया सामान वापस दिलवाया जाए। चोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।