उदयपुर में एक बिजनेसमैन के बेटे की गाड़ी का चित्तौड़गढ़ में ओवर स्पीड ड्राइविंग का चालान कट गया। बिजनेसमैन को चित्तौड़गढ़ एसपी कार्यालय से एक हजार रुपए का चालान मिला है। जबकि गाड़ी सुबह 11 बजे तक पार्किंग में खड़ी थी। उदयपुर के मॉडर्न कॉम्प्लेक्स में रहने वाले बिजनेसमैन प्रमोद खाब्या ने बताया कि उनके बेटे दिव्य खाब्या के नाम रजिस्टर्ड गाड़ी नंबर RJ27CR0031 जो घर की पार्किंग में खड़ी है। उन्होंने बताया कि वे बुधवार रात एक शादी समारोह से लौटे और गाड़ी को पार्किंग में खड़ा कर दिया। आज सुबह 9 बजकर 34 मिनट पर उनके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक मैसेज आया कि आपकी गाड़ी ने आज सुबह ट्रैफिक नियमों का उल्लघंन किया है। जब उन्होंने मैसेज में दिए लिंक से इसकी डिटेल देखी तो उसमें बताया गया कि ये गाड़ी आज सुबह 8 बजकर 40 मिनट पर चित्तौड़गढ़ में ओवर स्पीड में चल रही थी। बिजनेसमैन को लगा-गाड़ी चित्तौड़गढ़ कैसे गई चित्तौड़गढ़ एसपी कार्यालय से नोटिस नंबर 179051740 से एक चालान का बिजनेसमैन को मैसेज मिला, जिसमें लिंक आया। उसे ओपन करने पर ओवरस्पीडिंग से गाड़ी चलाने पर एक हजार रुपए का चालान बनाया गया। खाब्या ने बताया कि जब ये मैसेज आया तो हमें लगा हमारी गाड़ी पार्किंग से चित्तौड़गढ़ कैसे चली गई, तो सबसे पहले पार्किंग में गाड़ी देखी तो गाड़ी वहीं खड़ी थी। गाड़ी पार्किंग से बाहर ही नहीं निकली उन्होंने बताया कि गाड़ी घर से बाहर ही नहीं निकली और पुलिस उदयपुर के बाहर वाले चित्तौड़गढ़ जिले में चालान बता रही है। जो चालान भेजा गया है उसमें गाड़ी को ओवरस्पीडिंग से चलने की जो लोकेशन बताई वो बानसेन से घोसुंडा के बीच बताई गई है। जबकि ये एसयूवी उदयपुर के मॉडर्न कॉम्प्लेक्स में अपने घर से बाहर सड़क पर भी नहीं निकली। घर में खड़ी थी गाड़ी खाब्या ने बताया कि 11 बजे बाद उन्होंने गाड़ी निकाली और अपने काम पर निकले। उन्होंने सवाल उठाया कि उनको चिंता इस बात की हो रही है कि कोई गाड़ी का मिस यूज तो नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि चालान में जो गाड़ी का फोटो था, उसमें भी उनकी गाड़ी नहीं दिख रही, फिर ये ऐसे कैसे चालान बनाए जा रहे हैं। उन्होंने अपने घर के सीसीटीवी फुटेज भी बताए, जिसमें जिस समय चालान बना उस समय उनकी गाड़ी घर के अंदर खड़ी थी। गलत चालान पर कर सकते हैं अपील नियमों के अनुसार गलत चालान आने पर 15 दिनों के भीतर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। इसके बाद इसका निस्तारण किया जाता है। लोगों की शिकायत है कि गलत चालान बना कैसे दिए जाते हैं, इस सिस्टम को ठीक करना होगा और ये आए दिन ऐसा हो रहा है। पुलिस के ई चालान पर उठ रहे सवाल -------------------------------- ये खबर भी पढ़ें… कार चलाते वकील का हेलमेट न पहनने पर चालान कटा:मैसेज आते ही चौंक गए, 1000 रुपए का चालान बनाया गया आप कार ड्राइव करते हैं और हेलमेट न लगाने का चालान काटा जाए। चौंक जाएंगे न आप। ऐसा ही हुआ, उदयपुर के वकील के साथ। वकील के मोबाइल पर ई-चालान काटे जाने का मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि आपने हेलमेट नहीं पहना। (पूरी खबर पढ़ें..)