उदयपुर में गुरुवार देर रात स्लीपर बस और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर का केबिन टूटकर इंजन से पूरी तरह से अलग हो गया, जबकि बस के पिछले टायर निकलने से अनियंत्रित होकर बस नाले में फंस गई। हादसे के बाद दोनों ड्राइवर मौका देखकर भाग निकले। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईवे पर लगे जाम को खुलवाया। हादसा डबोक थाना क्षेत्र में तुलसीदास जी की सारी स्थित शाश्वत धाम कट पर गुरुवार रात करीब 12 बजे हुआ। गनीमत यह रही कि उस वक्त बस में केवल दो ही यात्री सवार थे, वरना एक बड़ी जनहानि हो सकती थी। हादसे में यात्रियों को ज्यादा चोट नहीं आई, लेकिन बस का कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर और दांतों पर गहरी चोट लगी है। जहां से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े। प्रथम दृष्ट्या हादसे की मुख्य वजह बस ड्राइवर की लापरवाही माना जा रहा है। उदयपुर नेशनल हाईवे पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी बस जानकारी के मुताबिक, निजी स्लीपर बस डबोक सर्विस रोड से होते हुए उदयपुर नेशनल हाईवे पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी। हाईवे पर चढ़ने के लिए बस ड्राइवर ने जैसे ही राइट टर्न लिया, उसने पीछे से आ रहे वाहनों पर ध्यान नहीं दिया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रेलर सीधे बस से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बस के पिछले टायर अपनी जगह से निकल गए और बस अनियंत्रित होकर सर्विस रोड के किनारे बने नाले में जाकर फंस गई। हादसे में बस और ट्रेलर क्षतिग्रस्त हो गए। ट्रेलर का केबिन उखड़कर हाईवे के बीचों-बीच जा गिरा डबोक थानाधिकारी गोपालनाथ ने बताया कि हादसे के बाद मंजर काफी डरावना था। टक्कर लगते ही ट्रेलर का केबिन उखड़कर हाईवे के बीचों-बीच जा गिरा, जबकि ट्रेलर का पिछला हिस्सा सर्विस रोड पर चला गया। भिड़ंत के तुरंत बाद मौके का फायदा उठाकर बस और ट्रेलर, दोनों के ही ड्राइवर वहां से फरार हो गए। हाईवे पर लगे लंबे जाम को खुलवाने के लिए लगाए बैरिकेड्स हादसे की सूचना मिलते ही डबोक थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और हाईवे पर लगे लंबे जाम को खुलवाने के लिए बैरिकेड्स लगाए। सड़क के बीचों-बीच ट्रेलर का केबिन और बस के फंसने की वजह से यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस ने क्रेन बुलवाई और काफी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर किनारे करवाया। इसके बाद ही नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही फिर से सामान्य हो सकी। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार और मोड़ पर लापरवाही के कारण यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। फिलहाल पुलिस फरार दोनों ड्राइवरों की तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही किसकी तरफ से हुई। इनपुट - लोकेश सेन।