उदयपुर में दलित समाज की दुल्हन को घोड़ी से उतारने के मामले को लेकर बसपा कार्यकर्ता और समाज के लोग सड़कों पर उतर आए। गुरुवार को बड़ी संख्या में लोगों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने जांच अधिकारी बदलने की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि मौजूदा जांच में निष्पक्षता नहीं बरती जा रही है। मामला डबोक थाना इलाके के हरियाऊ गांव का है, जहां 29 अप्रैल 2026 को पूजा मेघवाल की शादी के दौरान कुछ दबंगों ने उन्हें घोड़ी से उतार दिया था। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों ने इसे मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। नगर निगम से रैली के रूप में पहुंचे जिला कलेक्ट्रेट गुरुवार दोपहर को बसपा पदाधिकारी बड़ी संख्या में समाज के लोग नगर निगम परिसर में इकट्ठा हुए। यहां से सभी लोग रैली के रूप में प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाते हुए बताया गया कि 29 अप्रैल 2026 को पूजा मेघवाल की शादी के दौरान कुछ दबंगों ने उन्हें घोड़ी से उतार दिया था, जिससे समाज के लोगों में भारी रोष है। बसपा नेताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल पदाधिकारियों का कहना है कि इस शर्मनाक घटना में करीब 12 से 13 लोग और कुछ महिलाएं भी शामिल थी। डबोक थाने में इस संबंध में FIR दर्ज है, लेकिन पुलिस ने अब तक केवल 4 लोगों को ही गिरफ्तार किया है। बसपा नेताओं का आरोप है कि बाकी आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस उन्हें पकड़ने में ढिलाई बरत रही है। जांच अधिकारी बदलने की मांग पार्टी ने जांच की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े किए हैं। बसपा पदाधिकारियों ने मांग की है कि वर्तमान जांच अधिकारी मामले में सुस्ती बरत रहे हैं, इसलिए इस केस की जांच किसी वरिष्ठ अनुसूचित जाति वर्ग के ईमानदार अधिकारी को सौंपी जाए। वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी के 76 साल बाद भी गांवों में जातिगत भेदभाव खत्म नहीं हुआ है। इस तरह की मानसिकता को रोकने के लिए सख्त कानूनी कार्रवाई की जरूरत है। आंदोलन तेज करने की चेतावनी प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने स्पष्ट किया कि दलित समाज अब इस तरह के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा। बहुजन समाज पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि फरार आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी नहीं हुई और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। फिलहाल इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति है और पुलिस मामले की निगरानी कर रही है।