उदयपुर शहर के 100 फीट रोड स्थित अशोका पैलेस के सामने दो बाइक सवार की मामूली टक्कर के बाद दो युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। बीच रोड पर कुछ देर तक खूब लात-घूूंसे चले। आसपास जमा हुई भीड़ ने उनमें से एक बाइक सवार युवक की बुरी तरह पिटाई कर दी। झगड़े के कारण ट्रेफिक जाम के हालात बन गए। सूचना पर सुखेर थानाधिकारी भरत योगी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को रोड से खदेड़कर हटाया गया। पुलिस ने आरोपी अविनाश पुत्र वर्दीचंद डांगी को गिरफ्तार कर लिया। सुखेर थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अविनाश डांगी शराब के नशे में था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसने पहले जीत निमावत के साथ मारपीट की थी। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने अविनाश की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक दूसरे को बेरहमी से पीट रहा था। उसे बचाने पहुंचे लोगों ने जब बीच-बचाव किया और युवक नहीं माना, तो भीड़ उसी पर टूट पड़ी और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही सुखेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, भीड़ को हटाकर यातायात सुचारु कराया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। लोगों ने पीटकर पुलिस के हवाले किया घटना रात करीब 10 बजे की है। जब जीत निमावत और अविनाश डांगी दोनों की आमने सामने बाइक से मामूली टक्कर हो गई। जिसके बाद दोनों बहस पर उतर आए। फिर मारपीट शुरू हो गई। जीत निमावत को अविनाश बुरी तरह पीट रहा था।