उदयपुर पुलिस ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत एक सामूहिक कार्रवाई में 9 मामले दर्ज करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए हैं। एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में टीमों ने हाईवे, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शैक्षणिक संस्थानों के आस-पास 416 से ज्यादा जगहों पर सघन चेकिंग और नाकाबंदी की। एसपी ने बताया कि उदयपुर पुलिस का यह नशा विरोधी अभियान आगे भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी और इस अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इन थाना क्षेत्र में भी आरोपियों को अवैध मादक के साथ पकड़ा पुलिस थाना माण्डवा ने 59.330 किलोग्राम गांजा और थाना कोटड़ा ने 11.700 किलोग्राम गांजा बरामद किया। दोनों मामलों में आरोपी फिलहाल फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। इसी तरह थाना अम्बामाता क्षेत्र में सज्जन नगर निवासी राजा हुसैन उर्फ शानू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 66.55 ग्राम चरस बरामद की गई। थाना सूरजपोल में जरीना नगर निवासी नासिर हुसैन उर्फ मुख्तियार को गवर्नमेंट प्रेस के पीछे से गिरफ्तार कर 38 ग्राम चरस जब्त की। थाना सुखेर में नाकाबंदी दौरान नाथद्वारा निवासी जगदीश चन्द्र को गिरफ्तार कर 29.70 ग्राम चरस बरामद की। थाना प्रतापनगर में मढ़ारी निवासी विनोद कुमार मीणा को 153 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। थाना गोवर्धन विलास में टैक्सी चालक आकाश उर्फ विमानलाल को 37 ग्राम गांजे के साथ दबोचा। थाना सविना में गोकुल विलेज निवासी ईश्वरलाल को 9.8 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया। थाना बड़गांव में बड़गांव निवासी मुकेश को 37 ग्राम गांजे के साथ पकड़ा।