उदयपुर की धानमंडी थाना पुलिस ने 43 साल से फरार आरोपी को हिमाचल प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी वहां फुटबॉल कोच बनकर फरारी काट रहा था। थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि वर्ष 1984 से फरार चल रहे घोषित भगोड़े आरोपी विजय कुमार यादव(69) निवासी भिवानी हरियाणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने अपने पैतृक निवास के सभी दस्तावेजों से अपना नाम हटवा लिया था। अपराध के समय आरोपी विजय की उम्र महज 26 साल थी। वह पहचान छिपाकर अलग-अलग राज्यों में फुटबॉल कोच बनकर छुपता रहा। वर्तमान में आरोपी विजय हिमाचल प्रदेश में सिरमोर के चौगान खेल मैदान में बतौर फुटबॉल कोच काम कर रहा था। पुलिस ने खिलाड़ी बनकर पकड़ा उदयपुर पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों की मदद से इसका पता लगाया। पुलिस की टीम स्वयं खिलाड़ी बनकर कोचिंग लेने के बहाने पहुंची और आरोपी से संपर्क किया। तभी आरोपी को खेल मैदान पर ही दबोच लिया। नौकरी लगाने के नाम पर ऐंठे थे रुपए प्रार्थी भंवरसिंह निवासी कनावडा ने धानमंडी थाने में 5 मार्च 1984 को रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया कि किनारा ग्रुप-अग्रवाल सेल्स के मैनेजर नरेन्द्र सिंह यादव व अन्य कर्मचारियों ने केन्द्र सरकार की मान्यता प्राप्त कंपनी में नौकरी लगाने के झांसे के नाम पर उनसे 3 हजार रुपए ऐंठे थे। इस तरह आरोपियों ने अलग-अलग लोगों से कुल 32 हजार रुपए की धोखाधड़ी की थी। फिर कार्यालय बंद कर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज आरोपियों की तलाश शुरू की। इस केस में पूर्व में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। लेकिन आरोपी विजय कुमार यादव पिछले 43 साल से लगातार फरार चल रहा था। काफी तलाशने के बाद भी इसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।