उदयपुर में एक युवक को फिल्मी स्टाइल में हाथ में तलवार लेकर रील बनाना भारी पड़ गया। पुलिस ने तलवार के साथ युवक को दबोच लिया। इसके बाद कान पकड़कर गलती की माफी मांगने लगा। मामला झाड़ोल-बाघपुरा इलाके का है। बता दें कि झाड़ोल, फलासिया और बाघपुरा क्षेत्र में इन दिनों युवाओं के बीच बाइक स्टंट और हथियारों के साथ रील बनाने का चलन तेजी से बढ़ा है। एसपी डॉ. अमृता दुहन के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस अब ऐसे 'रीलबाजों' पर पैनी नजर रख रही है, जो आम जनता की सुरक्षा को खतरे में डालते हैं। रील बनाने तलवार से स्टंट किया थानाधिकारी वेलाराम ने बताया कि पकड़े गए युवक का नाम लोकेश है। वह हाथ में नंगी तलवार लेकर रणघाटी इलाके में घूम रहा था। आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा था ताकि इलाके में उसका खौफ बन सकें। इस दौरान वह तलवार से स्टंट भी करने लगा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी को पकड़ा। तलवार को जब्त किया गया। फिल्मी हीरो की तरह करना चाहता था शूट पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कोई अपराधी नहीं है, बल्कि सिर्फ एक रील बनाना चाहता था। वह फिल्मी हीरो की तरह तलवार लहराते हुए वीडियो शूट कर अपने दोस्तों के बीच धाक जमाना चाहता था। उसका इरादा इस वीडियो को सोशल मीडिया पर डालकर लाइक्स और कमेंट्स बटोरने का था लेकिन उसकी यह 'रील लाइफ' की प्लानिंग 'रियल लाइफ' की जेल में बदल गई। युवक ने कान पकड़कर मांगी माफ थानाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद लोकेश के तेवर पूरी तरह ढीले पड़ गए। उसने पुलिस के सामने हाथ जोड़े और कान पकड़कर कहा कि मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई है। उसने युवाओं से अपील भी की कि कोई भी इस तरह तलवारबाजी या बाइक पर खतरनाक स्टंट न करें। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। इनपुट - दुष्यंत पूर्बिया, झाड़ोल।