उदयपुर में विकास प्राधिकरण (UDA) के दायरे से 6 गांवों को बाहर करने की तैयारी है। इसके लिए नगरीय विकास एवं आवासन विभाग ने संशोधित अधिसूचना जारी कर दी है। इसके बाद प्राधिकरण के अधीन गांवों की संख्या 205 से घटकर 199 रह जाएगी। इस फैसले को लेकर विधायक ने कहा है कि इससे ग्रामीणों को राहत मिलेगी। यह निर्णय इन गांवों की अत्यधिक दूरी, भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितयों के कारण लिया गया। यहां से ग्रामीणों की मांग पर जनप्रतिनिधियों ने इस विषय को उठाया और यूडीएच मंत्री को जयपुर जाकर भी बताया था। उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा ने बताया कि आदेश में बारापाल तहसील के 4 राजस्व गांव उन्दरी खुर्द, पोपल्टी, फांदा और अलसीगढ़ को यूडीए के दायरे से बाहर करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा गोगुंदा तहसील के भादवी गुड़ा और नया गुड़ा गांवों को भी इससे बाहर किया गया है। इस तरह कुल छह गांवों को राहत मिली है। विधायक मीणा ने ग्रामीणों, विशेषकर आदिवासी समाज के लोगों के लिए राहत देने वाला निर्णय बताते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और यूडीए मंत्री झाबर सिंह खर्रा सहित प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।