जयपुर में चल रहे एक शादी समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। शादी समारोह में शामिल होने के लिए जयपुर पहुंचीं उर्वशी ने शनिवार देर रात अपने लाइव परफॉर्मेंस से मेहमानों और जयपुरवासियों का खूब मनोरंजन किया। बॉलीवुड के गानों पर उन्होंने डांस किया। शादी समारोह के दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रम में उर्वशी ने मंच पर पहुंचकर अपनी खास प्रस्तुति दी। उनके डांस और परफॉर्मेंस के दौरान मेहमानों ने जमकर तालियां बजाईं। बॉलीवुड के गानों पर उनकी एनर्जेटिक परफॉर्मेंस ने समारोह का माहौल पूरी तरह संगीतमय कर दिया। उर्वशी ने अपने चर्चित अंदाज और स्टाइल से भी लोगों का ध्यान खींचा। विंटेज कार के साथ फोटोशूट, महंगी घड़ी ने खींचा ध्यान समारोह में शामिल होने के पहले दिन भी उर्वशी अपने लुक को लेकर सुर्खियों में रही थीं। होटल परिसर में खड़ी विंटेज कार के साथ उन्होंने फोटोशूट कराया। इस दौरान उनका ग्लैमरस लुक चर्चा का विषय बना। उनके हाथ में नजर आई डायमंड घड़ी ने भी खासा ध्यान खींचा। बताया जा रहा है कि इस घड़ी की कीमत करीब दो करोड़ रुपए है। नेल आर्ट में दिखा तिरंगे का रंग उर्वशी के लुक में सबसे खास आकर्षण उनका नेल आर्ट रहा। उनके नाखूनों पर तिरंगे के रंगों से खास आर्ट तैयार किया गया था। केसरिया, सफेद और हरे रंग के इस नेल आर्ट ने उनके पूरे लुक को अलग अंदाज दिया। तिरंगे के रंगों के साथ उनका यह प्रयोग सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना। उर्वशी इससे पहले भी तिरंगे के रंगों को अपने फैशन लुक का हिस्सा बनाने को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं। उन्होंने तिरंगे के रंगों वाली ड्रेस पहनी थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं। अब उनके नेल आर्ट में भी तिरंगे के रंग नजर आने के बाद एक बार फिर उनका यह अंदाज लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है।