भास्कर संवाददाता | चूरू गांव ढाणी लालसिंहपुरा में कम वोल्टेज बिजली सप्लाई से परेशान ग्रामीणों ने जोधपुर विद्युत वितरण निगम सहायक अभियंता को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि डीपी पर लोड से अधिक कनेक्शन होने के कारण कई घरों में बहुत ही कम वोल्टेज बिजली सप्लाई आ रही है। वर्तमान में अधिकांश उपभोक्ताओं को 140 से 150 वोल्टेज बिजली सप्लाई मिल रही है, इससे घरों में कूलर, फ्रिज, पंखे व लाइट आदि नहीं चलते है। लो वोल्टेज बिजली सप्लाई के कारण कई घरों में पूर्व में बिजली उपकरण भी जल चुके है। कम वोल्टेज बिजली सप्लाई के कारण गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में समस्या का जल्द समाधान करवाने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में सांवरमल दईया, आनंद सैनी अर्जुन आदि शामिल थे।