पंचायतीराज चुनाव में फलोदी जिले के मतदाताओं के रुझान में उम्र के आधार पर बड़ा अंतर सामने आया है। 18 से 25 वर्ष के युवाओं की तुलना में 36 से 59 वर्ष के मतदाताओं ने 70,466 अधिक वोट डाले। इस आयु वर्ग के 1,38,443 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि 18 से 25 वर्ष के 67,977 युवाओं ने मतदान किया। वहीं, मतदान में पुरुषों की भागीदारी महिलाओं से 2.54 प्रतिशत अधिक रही। जिले में जिला परिषद के 23 और 9 पंचायत समितियों के 141 वार्डों के लिए हुए चुनाव में कुल 5,39,096 पंजीकृत मतदाताओं में से 3,62,549 ने वोट डाले। कुल मतदान प्रतिशत 67.25 रहा। वोटर आईडी से दोगुने से ज्यादा ने दूसरे दस्तावेजों से किया मतदान जिले में मतदान करने वाले मतदाताओं में वोटर आईडी कार्ड के बजाय अन्य मान्य पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल करने वालों की संख्या दोगुने से भी अधिक रही। कुल 3,62,549 मतदाताओं में से 1,19,085 ने वोटर आईडी कार्ड से मतदान किया, जबकि 2,43,464 मतदाताओं ने दूसरे पहचान दस्तावेजों के आधार पर वोट डाले। यानी वोटर आईडी के बजाय दूसरे दस्तावेजों से मतदान करने वालों की संख्या 1,24,379 अधिक रही। महिलाओं के मुकाबले पुरुषों का मतदान 2.54% अधिक जिले में 2,84,522 पंजीकृत पुरुष मतदाताओं में से 1,94,759 ने मतदान किया। पुरुषों का मतदान प्रतिशत 68.45 रहा। वहीं, 2,54,573 पंजीकृत महिला मतदाताओं में से 1,67,789 ने वोट डाले। महिलाओं का मतदान प्रतिशत 65.91 दर्ज किया गया। इस तरह पुरुषों का मतदान प्रतिशत महिलाओं से 2.54 प्रतिशत अधिक रहा। मतदान के आंकड़ों से स्पष्ट है कि जिले में पुरुष मतदाताओं की भागीदारी महिलाओं की तुलना में अधिक रही। दोनों वर्गों के मतदान प्रतिशत में अंतर दर्ज किया गया, जो चुनावी प्रक्रिया में मतदाताओं की भागीदारी को दर्शाता है। 36 से 59 वर्ष के मतदाताओं की भागीदारी ज्यादा आयु वर्ग के अनुसार, 26 से 35 वर्ष के 99,219 मतदाताओं ने मतदान किया। इनमें 47,935 महिलाएं शामिल थीं। वहीं, 36 से 59 वर्ष के आयु वर्ग में 1,38,443 मतदाताओं ने वोट डाले, जिनमें 73,458 पुरुष और 64,985 महिलाएं थीं। 60 वर्ष से अधिक आयु के 53,909 मतदाताओं ने भी मतदान किया। एक बूथ पर सिर्फ 20 प्रतिशत मतदान जिले के 673 बूथों में से फलोदी पंचायत समिति के एक बूथ पर सबसे कम 20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिले के 46 बूथों पर 20 से 49 प्रतिशत, 603 बूथों पर 50 से 85 प्रतिशत और 23 बूथों पर 85% से अधिक मतदान हुआ।