छोटीसादड़ी| जयचंद मोहिल राजकीय उपजिला चिकित्सालय में चिकित्सकों के रिक्त पद भरने और चिकित्सा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता मनीष उपाध्याय ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इस संबंध में उन्होंने जिला कलेक्टर प्रतापगढ़ को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया कि छोटीसादड़ी उपखंड क्षेत्र के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल में लंबे समय से चिकित्सकों की कमी बनी हुई है। वर्तमान में यहां केवल पांच चिकित्सक कार्यरत हैं। इनमें से भी कई को अन्य कार्यों में लगाए जाने से मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। छोटीसादड़ी सहित आसपास के आदिवासी बहुल ग्रामीण क्षेत्रों से गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवार इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे निजी अस्पतालों में महंगा उपचार नहीं करवा सकते। चिकित्सकों के रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां करने, स्वीकृत पदों के अनुरूप पर्याप्त चिकित्सक उपलब्ध कराने और चिकित्सकों को अन्य कार्यों में लगाने से मरीजों के उपचार पर पड़ने वाले प्रभाव की समीक्षा करने की मांग की। साथ ही नियमित चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने, अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार करने और नियुक्तियों व कार्रवाई की समय सीमा सार्वजनिक करने की बात कही। इस समस्या को लेकर पहले भी भूख हड़ताल कर चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। यदि जल्द ठोस निर्णय लेकर चिकित्सकों की नियुक्तियां नहीं की गईं और चिकित्सा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे गांधी चौराहे पर शांतिपूर्ण तरीके से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।