निकाय चुनाव के तहत प्रदेश में 10245 वार्डों के लिए 60894 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं। सोमवार को अंतिम तिथि पर 45 हजार आवेदन आए। सर्वाधिक नामांकन जयपुर जिले में 690 वार्डों के लिए 3865 नामांकन हुए है। वहीं सलूंबर में 25 वार्डों के लिए 108 नामांकन हुए हैं। सर्वाधिक नामांकन के मामलों में झुंझुनूं दूसरे नंबर पर रहा और 3118 नामांकन हुए। अलवर में 2132 नामांकन हुए हैं। इसके अलावा फलोदी में 60 वार्डों के लिए 237 और जैसलमेर में 70 वार्डों के लिए 342 नामांकन प्राप्त हुए हैं। अब निर्वाचन विभाग द्वारा जमा किए गए शपथ पत्रों और दस्तावेजों की जांच मंगलवार तक पूरी करेगा। नाम वापसी 3 सितंबर तक होगी। इसके बाद कुल प्रत्याशियों की संख्या सामने आएगी। यह भी तब ही स्पष्ट होगा कि किस पार्टी के कितने बागी मैदान में डटे रहे। जयपुर में सबसे ज्यादा नामांकन : जयपुर के 690 वार्डों में 3865 नामांकन हुए हैं। यहां प्रति वार्ड औसतन 5.60 दावेदार हैं। यानी कुल नामांकन में जयपुर प्रदेश में सबसे ऊपर है, लेकिन प्रति वार्ड मुकाबले की घनत्व में कई छोटे जिले उससे आगे हैं। चित्तौड़गढ़ में 250 वार्डों में 915 नामांकन आए। प्रति वार्ड औसत 3.66 है, यह सबसे कम है। उदयपुर में 190 वार्डों पर 742 नामांकन हुए।