अबोहर में शुक्रवार सुबह करीब 6:15 बजे सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए हादसे में दो बच्चों के पिता की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सड़क निर्माण में लगा एक टिप्पर पीछे करते समय वहां सो रहे मशीन चालक जितेंद्र के ऊपर चढ़ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के बीकानेर जिले के नोखा क्षेत्र के गांव टांट निवासी जितेंद्र के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दो महीने से अबोहर में सड़क निर्माण कार्य में मशीन चालक के तौर पर काम कर रहा था। शुक्रवार सुबह वह सड़क निर्माण स्थल के पास सो रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान टिप्पर चालक गुरदेव सिंह ने वाहन को पीछे करते समय कथित तौर पर लापरवाही बरती। टिप्पर की चपेट में आने से जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम नगर थाना नंबर-1 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने मृतक के पिता के बयानों के आधार पर टिप्पर चालक गुरदेव सिंह के खिलाफ मुकदमा नंबर 28 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 281 और 106 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रक्षाबंधन की तैयारियों के बीच जितेंद्र की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। राजस्थान से परिजन अबोहर पहुंचे। जितेंद्र अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। परिजनों ने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।