जयपुर में एक बार फिर मेडिकल परीक्षा के दौरान अव्यवस्था सामने आई है। सोमवार को AIIMS CRE-5 परीक्षा के री-एग्जाम के दौरान डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र iON का सर्वर ठप हो गया। जिसके कारण परीक्षा निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी। सुबह 9 बजे शुरू होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थी करीब 30 मिनट तक इंतजार करते रहे। इसके बाद सुबह करीब 9.30 बजे एग्जाम शुरू हुआ, लेकिन लगभग 20 मिनट बाद एक बार फिर सर्वर में तकनीकी समस्या आ गई। इसके बाद नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर हंगामा कर दिया। 25 जुलाई को CRE-5 एग्जाम हुआ था, लेकिन सिलेबस से बाहर प्रश्न आने के कारण री-एग्जाम कराया गया था। री-एग्जाम में सामने आई इस नई गड़बड़ी के बाद परीक्षा व्यवस्था को लेकर विवाद एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है। इसी सेंटर पर NEET PG एग्जाम में आई थी समस्या अभ्यर्थियों के अनुसार iON डिजिटल जोन सेंटर पर यह पहली तकनीकी समस्या नहीं है। एक दिन पहले रविवार को इसी परीक्षा केंद्र पर आयोजित NEET-PG परीक्षा के दौरान भी तकनीकी और व्यवस्थागत परेशानी सामने आई थी। जिसके बाद राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड (NBEMS) की ओर से मामले की जांच के लिए तीन-सदस्यीय समिति गठित की गई और प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान किया गया। लगातार दूसरे दिन परीक्षा केंद्र पर तकनीकी समस्या आने से अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। छात्रों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए कराई जा रही परीक्षा में भी तकनीकी खामी आना गंभीर मामला है। एग्जाम रद्द करने की मांग अभ्यर्थी अब ऑल इंडिया एग्जाम को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने परीक्षा एजेंसी और संबंधित अधिकारियों से तुरंत हस्तक्षेप कर निष्पक्ष निर्णय लेने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि एक बार री-एग्जाम कराने की नौबत आ चुकी है, उसके बावजूद भी यदि परीक्षा केंद्र पर वही तकनीकी समस्या दोहराई जा रही है तो परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होते हैं। छात्रों की मांग है कि संबंधित एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच करें। --- ये खबर भी पढ़ें… जयपुर- नीट PG के दौरान हंगामा, बार-बार बंद हुए कंप्यूटर:दावा- 2 घंटे में 10 बार पेपर रुका; सेंटर पर फिर से होगी परीक्षा जयपुर में NEET PG-2026 परीक्षा के सीतापुरा के ION डिजिटल जोन सेंटर पर हंगामा हो गया। कैंडिडेट्स ने आरोप लगाया कि कंप्यूटर बार-बार बंद हुए, जिससे परीक्षा प्रभावित हुई। दो घंटे में 10 बार तक एग्जाम बाधित हुआ। छात्रों ने पेपर लीक की भी आशंका जताई है। परीक्षा खत्म होने के बाद से सैकड़ों की संख्या में परीक्षार्थी विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। (पूरी खबर पढ़ें)