नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में बांसवाड़ा जिले के मतदाता कल यानी बुधवार को अपने शहर की सरकार चुनेंगे। बांसवाड़ा नगरपरिषद में 9 सितंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदाता अपने वार्ड के प्रत्याशी के लिए वोट डाल सकेंगे। वहीं जिले के कुशलगढ़ और परतापुर-गढ़ी निकाय में 11 सितंबर को मतदान होगा। सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर को होगी। बांसवाड़ा नगरपरिषद के 60 वार्डों में कुल 94,121 मतदाता हैं। इनमें 47,182 पुरुष, 46,933 महिलाएं और 6 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। ये मतदाता 59 वार्डों में चुनाव लड़ रहे 183 प्रत्याशियों की किस्मत तय करेंगे। नगरपरिषद के वार्ड 12 में कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा की प्रत्याशी ही मैदान में हैं। ऐसे में यहां मतदान नहीं होगा। इस वार्ड में कुल 1,519 मतदाता थे। नगरपरिषद में सबसे ज्यादा प्रत्याशी वार्ड नंबर 41 में हैं। यहां 9 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं कई वार्ड ऐसे भी हैं, जहां मुकाबला केवल भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच है।