भीलवाड़ा में आने वाले त्योहारों को देखते हुए पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। एसपी सागर राणा के नेतृत्व में निकला यह मार्च सिटी कंट्रोल रूम से शुरू हुआ और शहर के मुख्य रास्तों से होते हुए संवेदनशील इलाकों तक पहुंचा। इस दौरान पुलिस ने लोगों से त्योहार शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। जुलूस के रास्तों और संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया एसपी सागर राणा ने बताया कि बारावफात का कार्यक्रम है। जिले में कई जगहों पर जुलूस निकाले जाएंगे। इसे देखते हुए पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि भीलवाड़ा में त्योहार शांतिपूर्वक मनाए जाएं। इसी को देखते हुए जुलूस के रास्तों का जायजा लिया गया और शहर के संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर गलत वीडियो शेयर न करें एसपी ने आमजन से अपील की कि पिछली बार की तरह आने वाले सभी त्योहार भी शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के कोई जानकारी आगे न बढ़ाएं। उन्होंने खास तौर पर सोशल मीडिया को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। एसपी ने कहा कि किसी पोस्ट पर बेवजह कमेंट न करें और गलत वीडियो शेयर न करें, ताकि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।