भराव क्षेत्र में तेज बारिश के बाद बीसलपुर बांध में एक बार फिर पानी की आवक बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में बुधवार सुबह 6 बजे तक बांध में 4 सेंटीमीटर पानी आया। बांध की भराव क्षमता 315.50 RL मीटर है, जबकि आज सुबह जलस्तर 314.09 RL मीटर पहुंच गया। अभी त्रिवेणी का गेज 240 मीटर है, जिससे बांध में पानी की आवक लगातार बनी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में जलस्तर और बढ़ने की उम्मीद है। बांध भरने की उम्मीद फिर जगी, बारिश का दौर जारी बीसलपुर में दोबारा पानी बढ़ने से बांध के पूरी तरह भरने की उम्मीद एक बार फिर बनी हुई है। लोगों को उम्मीद है कि बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। अगर भराव क्षेत्र में अच्छी बारिश होती है तो बांध में पानी की आवक और बढ़ सकती है और यह भर सकता है। सुबह से बादल छाए, मौसम सुहाना जिले में बुधवार सुबह मौसम में ठंडक बनी हुई है। सुबह से हल्के बादल छाए हुए हैं। हालांकि सुबह 9 बजे तक बारिश नहीं हुई, लेकिन हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मंगलवार की तरह आज भी अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश और बादलों के कारण मौसम सुहाना बना हुआ है। 24 घंटे में जिले में 21 MM बारिश, गलवानिया में 96 MM पिछले 24 घंटे में टोंक जिले में औसत 21 MM बारिश दर्ज की गई है। इसके साथ ही जिले में अब तक बारिश का आंकड़ा 338.87 MM पहुंच गया है। सबसे ज्यादा बारिश उनियारा क्षेत्र के गलवानिया रेन गेज सेंटर पर 96 MM दर्ज की गई है। 4 सेमी पानी से जयपुर-अजमेर-टोंक की 3 दिन की जरूरत पूरी बीसलपुर बांध टोंक के साथ जयपुर और अजमेर जिले की भी लाइफ लाइन है। बांध से रोजाना इन तीनों जिलों की एक करोड़ से ज्यादा आबादी को पानी मिलता है। तीनों जिलों में रोजाना करीब 900 से 1000 MLD पानी की खपत होती है। इसके चलते बांध का जलस्तर रोजाना करीब डेढ़ सेंटीमीटर कम होता है। ऐसे में पिछले 24 घंटे में बांध में आया 4 सेंटीमीटर पानी टोंक समेत जयपुर और अजमेर की करीब तीन दिन की पानी की जरूरत पूरी कर सकता है।