झुंझुनूं | माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान अजमेर की माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षा 2027 के आवेदन पत्र जेके मोदी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित नोडल केंद्र पर 10 सितंबर तक जमा होंगे। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी राजेश हलवाल ने बताया कि बोर्ड दिशा-निर्देशानुसार संबद्ध विद्यालयों के आवेदन निर्धारित तिथि तक नोडल केंद्र पर जमा कराने होंगे। कक्षा 10 वीं के सभी विद्यार्थियों के बार कोड युक्त आवेदन पत्र पूर्व की भांति नोडल केंद्र पर जमा किए जाएंगे। झुंझुनूं | भारतीय डाक विभाग ने पार्सल शुल्क में संशोधन किया है। डाकघर विनियम, 2024 में संशोधन करते हुए संशोधित दरें देशभर में इसी महीने से प्रभावी कर दी गई हैं। इस संबंध में सभी उप डाकघरों व शाखा डाकघरों को नई दरों के अनुसार पार्सल बुकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आम नागरिकों और व्यावसायिक ग्राहकों के लिए 500 ग्राम तक के पार्सल वजन स्लैब में खुदरा और संविदात्मक दोनों श्रेणियों में नई दरें लागू की गई हैं। झुंझुनूं | निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की संभागस्तरीय बैठक रविवार को जयपुर में होगी। इसमें भाजपा जिला अध्यक्ष के साथ जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी, विधायक व मंडल अध्यक्ष शामिल होंगे। जयपुर भाजपा कार्यालय में सुबह 11 बजे होने वाली बैठक में निकाय चुनाव को लेकर फीडबैक लिया जाएगा।