रिसोर्ट बनाने के लिए राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं विनियोजन निगम (रीको) 80 हेक्टेयर की पहाड़ी नीलाम कर रहा है। मामला जयपुर के दौलतपुरा का है। रीको यहां पर्यटन श्रेणी के 7 भूखंडों की ई-नीलामी कर रहा है। ये सभी भूखंड अविकसित श्रेणी के हैं और इनका कुल क्षेत्रफल 75.21 हेक्टेयर है। स्कीम में 2.52 हेक्टेयर भूमि आरक्षित रहेगी जबकि 2.23 हेक्टेयर पर रोड बनेंगे और .24 हेक्टेयर भविष्य के लिए सुरक्षित रहेगी। नीलामी के लिए धरोहर राशि 14 से 31 अगस्त के बीच जमा हुई थी जबकि बोली 1 सितंबर से शुरू होगी, जो 3 सितंबर तक चलेगी। सफल बोलीदाता को इस भूमि को शुरुआत में 33 साल के लिए आवंटित किया जाएगा, जिसे दो बार 33-33 साल के लिए बढ़ाया जा सकेगा। आवंटन से पहले 25% राशि का भुगतान करना होगा। बाकी बची 75% राशि या तो 4 महीने में जमा करनी होगी या 3-3 माह की 19 किश्तों में देनी होगी। किश्तों में भुगतान पर 8.5% ब्याज लगेगा।