डीडवाना में नगर निकाय चुनावों को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से स्वीप गतिविधियों के तहत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में पुरानी गोपाल गौशाला रोड के पास ‘एक राखी लोकतंत्र के नाम’ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नागरिकों और राहगीरों को रक्षा सूत्र (राखी) बांधकर लोकतंत्र की रक्षा करने तथा योग्य और ईमानदार जनप्रतिनिधि चुनने का संदेश दिया गया। रक्षा सूत्र के साथ मतदान का संदेश कार्यक्रम के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने लोगों से आगामी नगर निकाय चुनाव में बिना किसी भय, लालच या प्रलोभन के निष्पक्ष मतदान करने की अपील की। रक्षा सूत्र बांधने की पहल के जरिए मतदाताओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराया गया। तख्तियों के जरिए बच्चों ने किया जागरूक जागरूकता अभियान में बच्चों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने मतदान से जुड़े जागरूकता संदेशों वाली तख्तियां प्रदर्शित कर राहगीरों और नागरिकों को मताधिकार के महत्व से अवगत कराया। बच्चों ने लोगों को मतदान दिवस पर अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। शत-प्रतिशत मतदान की ली शपथ कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थानीय नागरिक और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समापन अवसर पर मौजूद सभी लोगों ने शत-प्रतिशत, निष्पक्ष और निर्भीक मतदान करने की शपथ ली। कार्यक्रम के माध्यम से आगामी नगर निकाय चुनाव में अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।