चौरासी थाना क्षेत्र में डूंगरपुर-सीमलवाड़ा मुख्य मार्ग पर विकास नगर के पास पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को डूंगरपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गुजरात के मोडासा अस्पताल रेफर किया गया है। हादसा उस समय हुआ, जब बाइक सवार दोनों युवक डूंगरपुर से अपने गांव लौट रहे थे। घर लौट रहे थे चचेरे भाई चौरासी थाना पुलिस के अनुसार, मंडला उपली सांसरपुर निवासी सोहनलाल खराड़ी ने हादसे को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि उनके पुत्र कल्पेश और भतीजा मिथुन कुमार बाइक से डूंगरपुर से अपने घर लौट रहे थे। दोनों विकास नगर के पास डूंगरपुर-सीमलवाड़ा मुख्य मार्ग पर पहुंचे थे। गलत तरीके से ओवरटेक करने में भिड़ी पिकअप पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान सामने से आ रही पिकअप के ड्राइवर ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत तरीके से ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान पिकअप बाइक से सीधी जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार कल्पेश और मिथुन दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दी परिजनों को सूचना हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीछे से आ रहे राकेश, नानूराम और अन्य लोगों ने घायलों को देखा और तुरंत उनके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को डूंगरपुर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने कल्पेश को मृत घोषित किया अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद कल्पेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मिथुन की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद गुजरात के मोडासा अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा पुलिस ने कल्पेश के शव को डूंगरपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की परिस्थितियों और पिकअप ड्राइवर की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।