हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने 'ऑपरेशन चक्रव्यूह' के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गश्त के दौरान एक आरोपी को 3,000 प्रतिबंधित प्रेगाबालिन टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी लखवीर सिंह के नेतृत्व में एएसआई कैलाशचंद्र और पुलिस टीम गश्त पर थी। हनुमानगढ़ के एचएमएच नहर पटड़ा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 3,000 प्रतिबंधित प्रेगाबालिन टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी की पहचान भीमसेन उर्फ कान्हा पुत्र नेमीचंद के रूप में की है, जो वार्ड नंबर 4, कोहला, थाना हनुमानगढ़ टाउन का निवासी है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच एएसआई कर्मजीत सिंह कर रहे हैं।