राजस्थान के खेलो इंडिया सेंटरों में युवा खिलाड़ियों को बेहतर ट्रेनिंग देने के लिए पूर्व चैंपियन खिलाड़ियों के चयन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इसके लिए 1 और 2 सितंबर 2026 को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में वॉक-इन इंटरव्यू होंगे। जैसलमेर के बास्केटबॉल सेंटर समेत कई खेलों के लिए पूर्व खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। जैसलमेर के बास्केटबॉल सेंटर में भी होगा कोच का चयन जैसलमेर के जिला खेल अधिकारी राकेश बिश्नोई ने बताया कि जिले में बास्केटबॉल का खेलो इंडिया सेंटर सफलतापूर्वक चल रहा है। यहां नए खिलाड़ियों को बेहतर तरीके से ट्रेनिंग और सही मार्गदर्शन देने के लिए अनुभवी पूर्व चैंपियन खिलाड़ी को कोच के रूप में चुना जाएगा। पात्र और इच्छुक पूर्व खिलाड़ियों को तय समय पर जयपुर पहुंचकर इंटरव्यू देना होगा। ओरिजिनल सर्टिफिकेट और फोटोकॉपी साथ लानी होगी विभाग ने कहा है कि इंटरव्यू में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को अपने खेल से जुड़े सभी मूल प्रमाण-पत्र यानी ओरिजिनल सर्टिफिकेट साथ लाने होंगे। इसके अलावा इन दस्तावेजों की फोटोकॉपी भी साथ रखनी होगी। इच्छुक और पात्र खिलाड़ी जरूरी कागजात के साथ ही इंटरव्यू में शामिल हों। पूर्व खिलाड़ियों के अनुभव से युवा प्रतिभाओं को मिलेगा फायदा इस चयन प्रक्रिया का मकसद खेलो इंडिया सेंटर में आने वाले युवा खिलाड़ियों को अनुभवी पूर्व खिलाड़ियों से बेहतर ट्रेनिंग दिलाना है। पूर्व चैंपियन खिलाड़ियों का अनुभव नई खेल प्रतिभाओं के काम आएगा। इससे राजस्थान में खेल सुविधाओं को और मजबूत करने के साथ युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।