चारभुजा| चारभुजा और सेवंत्री में भरने वाला विश्व प्रसिद्ध जल झूलनी एकादशी का मेला 22 सितंबर को भरेगा। तैयारी को लेकर 1 सितंबर को बैठक होगी। बैठक चारभुजा तहसील कार्यालय सभागार में शाम 4 बजे होगी। अध्यक्षता मेला प्रभारी और उपखंड मजिस्ट्रेट नरेश सोनी करेंगे। बैठक में चारभुजा और सेवंत्री मंदिर से जुड़े ट्रस्टी शामिल होंगे। मोही| कस्बे के पास रेलवे स्टेशन के नजदीक हरिवंश कीर समाज बड़ा चौखला राजसमंद के सामुदायिक भवन में 5 सितंबर को कीर समाज की जनरल बैठक होगी। समाज अध्यक्ष लहरीलाल कीर ने बताया कि बैठक में बड़ा चौखला क्षेत्र के 32 गांवों के पंच-पटेल भाग लेंगे। बैठक में समाज के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। समाज में फैली कुरीतियां खत्म करने पर बात होगी। सामाजिक सुधार के लिए जरूरी फैसले लिए जाएंगे। राजसमंद| अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ विद्यालय शिक्षा केंद्र राजसमंद की प्रथम साधारण सभा रविवार दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक विवेकानंद राउप्रावि, सूरजपोल कांकरोली में रखी गई है। खंड मंत्री हरिराम माली ने बताया कि बैठक 2 सत्रों में होगी। इसमें नवीन खंड कार्यकारिणी का मनोनयन होगा। संगठन के वार्षिक कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। आगामी जिला शैक्षिक सम्मेलन में सहभागिता पर भी बात होगी। अन्य विषयों पर चर्चा होगी। राजसमंद| केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से ली जाने वाली सीटेट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल फिर खोला गया है। अब अभ्यर्थी 1 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। पहली बार ऐसा हो रहा है कि जब आवेदन समाप्ति के 75 दिन बाद वापस पोर्टल खोला गया है।