जोधपुर नगर निगम के चुनाव में नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। भाजपा ने नामांकन खत्म होने से एक घंटे पहले लिस्ट जारी की। वहीं, कांग्रेस ने पहले सिंबल जमा करवाए और नामांकन का समय पूरा होने के बाद लिस्ट जारी की। इधर, टिकट वितरण और नामांकन के बाद कई पदाधिकारियों ने विरोध शुरू कर दिया। महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव डॉ. अनिता परिहार ने सोमवार को आरएलपी से वार्ड नंबर 99 के लिए नामांकन दाखिल किया। इससे पूर्व डॉ. ​परिहार ने एक दिन पहले रविवार को एक वीडियो जारी कर पूर्व मेयर कुंती देवड़ा और उनके चचेरे भाई मयंक देवड़ा को​ टिकट देने का विरोध किया था। घूंघट में पहुंची नामांकन भरने जोधपुर नगर निगम के वार्ड 78 से पूनम कंवर घूंघट में कांग्रेस से नामांकन दाखिल करने पहुंचीं। यह वार्ड अनारक्षित महिला के लिए है। पूनम कंवर ने जिस वार्ड से नामांकन दाखिल किया है, वह नया वार्ड है। वे इससे पहले नांदड़ी से पंचायत समिति सदस्य और सिलारी ग्राम पंचायत से सरपंच रह चुकी हैं। पूनम ने बताया- घूंघट काम में इफेक्ट नहीं करता है। काम करने के लिए घूंघट रखते हैं या नहीं। यह मायने नहीं रखता। मैं पहले भी सरपंच रही हूं, तब भी काम करके दिखाया है। वार्डों के परिसीमन ने बदली नेताओं की किस्मत,करीब 60 के टिकट कटे इधर, वार्ड परिसीमन ने भाजपा और कांग्रेस के कई बड़े दिग्गज नेताओं की किस्मत बदल दी है। कांग्रेस से सुनील व्यास और भाजपा से सुरेश जोशी दोनों प्रमुख दावेदार थे। लेकिन, इस बार के परिसीमन में इन दोनों का वार्ड बदल गया। ऐसे में पार्टी ने इनके वार्ड से किसी दूसरे कार्यकर्ता को मौका दिया है। वहीं, पूर्व डिप्टी मेयर किशन लड्ढा का भी वार्ड​ रिजर्वेशन बदलने की वजह से वे चुनावी मैदान में नहीं उतर पाए। इसके अलावा पूर्व सीएम अशोक गहलोत के खास माने जाने वाले राजेंद्र सोलंकी ने भी इन चुनाव में दूरी बना ली है। हालांकि पार्टी चुनाव लड़ाने के मूड़ में थी लेकिन, वे चुनावी मैदान में नहीं उतरे। इधर, वार्डों के परिसीमन में जोधपुर के 60 वार्ड कम हो गए। ऐसे में दोनों पार्टियों से करीब-करीब 60-60 पुराने नेताओं के नाम कट गए है। हालांकि कुछ को दोबारा भी मौका मिला है लेकिन अधिकांश को इस बार रिपीट नहीं किया गया है। उ अंतिम दिन 698 उम्मीदवारों ने जमा करवाए नामांकन नगर निगम जोधपुर के पार्षद पद के उम्मीदवारों के नामांकन की प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो चुकी है। 31 अगस्त को 698 उम्मीदवारों ने नामांकन पेश किए। वहीं अब तक कुल 725 उम्मीदवार नामांकन पेश कर चुके हैं। 27 अगस्त को पहले दिन 1 कैंडिडेट ने नामांकन किया था। इसके बाद 29 अगस्त को 26 और ​31 अगस्त को 698 उम्मीदवारों ने नामांकन पेश किए। भाजपा से सालेचा, लोहिया और पुरोहित मेयर के दावेदार पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व डिप्टी मेयर देवेंद्र सालेचा, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्न चंद मेहता, राजसिको के पूर्व चेयरमैन मेघराज लोहिया, पूर्व यूआईटी चेयमैन कमलेश पुरोहित, कन्हैयालाल पारीक, अमरलाल वर्गी, उमेश पलिया, नूपुर पुरोहित और कुलदीप जांगिड़ के नाम शामिल है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष वर्मा और जोशी भी मेयर की रेस में जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा, पूर्व मेयर कुंती ​परिहार, मयंक देवड़ा, नरेश जोशी, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष गणपत सिंह, प्रदीप गांग और रीटा त्रिवेदी जैसे नाम शामिल है। ये खबर भी पढ़ें… जानिए आपका घर किस वार्ड में आता है:परिसीमन के बाद 160 से घटकर 100 वार्ड, 11 सितंबर को होगी वोटिंग; देखें वार्डों की लिस्ट भाजपा ने जोधपुर में 92 पार्षदों के टिकट जारी किए:पूर्व डिप्टी मेयर सालेचा और राजसिको के पूर्व चेयरमैन लोहिया मैदान में; जानें किसे मिला मौका