कोटा के महावीर नगर प्रथम इलाके में NEET की तैयारी कर रहे 17 साल के छात्र पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल छात्र की पहचान अमन चौधरी के रूप में हुई है। अमन मूल रूप से भरतपुर का रहने वाला है और फिलहाल महावीर नगर प्रथम में रहकर निजी कोचिंग संस्थान से NEET की तैयारी कर रहा है। कहासुनी होने पर बढ़ा विवाद जवाहर नगर थाना अधिकारी मुकेश मीणा ने बताया कि घटना मंगलवार रात की है। अमन महावीर नगर प्रथम से होकर जा रहा था। इसी दौरान बस्ती में रहने वाले कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर युवकों ने अमन पर चाकू से हमला कर दिया। छात्र के शरीर पर चाकू के तीन वार किए गए, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद छात्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। थाना अधिकारी के अनुसार घटना को लेकर शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। साथ ही विवाद की वास्तविक वजह और हमले में शामिल युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।