निकाय चुनाव से पहले तीसरे दिन दैनिक भास्कर डिजिटल ने वार्ड संख्या 11 से 15 में पहुंचकर हालात देखें। लोगों से मुलाकात कर उनके वार्ड की समस्याओं और मुद्दों के बारे में जाना। इन वार्डवासियों की समस्याएं भी दूसरे वार्डों के लोगों जैसी ही थीं। वार्ड के लोग समस्याओं से नाराज नजर आए। कोई सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों से तो कोई बदहाल सड़क से तो किसी को टेल तक पर्याप्त पेयजल नहीं पहुंचने की शिकायत थी। लोगों का कहना है कि इस बार ऐसा पार्षद मिले जो क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से समाधान करवा सके। वार्ड संख्या 11 - सड़कें टूटी हुई, नालियां कर रही नींवे खराब वार्ड संख्या 11 के आशापुरा नगर में रहने वाले जाहिद खान ने बताया कि उनके वार्ड क्षेत्र की ज्यादातर गलियों में पक्की सड़कें नहीं है। टूटी नालियों में गंदा पानी पड़ा रहता है। जिससे मकानों की नींव कमजोर हो रही है। वहीं, मुन्ना भाई ने बताया कि सड़कें टूटी हुई है। वृद्धजनों को आने-जाने में दिक्कत होती है। कई बार गिर भी जाते है। इस बार जो वोट मांगनें आएंगे उनसे कहेंगे कि सड़के बनवाने का वादा करो। वार्ड संख्या 12 - मानसून में गलियों में भर जाता है पानी, इसका समाधान हो वार्ड संख्या 12 में रहने वाले कमरूद्दीन चौहान ने बताया कि उनके वार्ड क्षेत्र की मुख्य सड़क पर मानसून के दौरान कई दिनों तक बरसाती पानी भर जाता है। आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। लाइट काट दी जाती है। सालों पुरानी समस्या है लेकिन समाधान को लेकर अभी तक कुछ नहीं हुआ। बसंती देवी कहती है कि नालियां नहीं बनी हुई है। पड़ोसियों का पानी हमारे घर के आगे फैला रहता है। इससे झगड़े भी होते है। इसका समाधान होना चाहिए। वार्ड संख्या 13 - टेल के मकानों तक नहीं आता पर्याप्त पेयजल वार्ड संख्या 13 में रहने वाले कैलाशचंद्र ने बताया कि उनके वार्ड की कई गलियों में टेल तक के मकानों में पर्याप्त पेयजल नहीं आता। ऐसे में परेशान होना पड़ता है। पानी के टैंकर मंगवाने पड़ते है। सुमित्रा देवी बताती है कि उनकी गली में नालियों की सफाई नहीं होती। कई बार इसको लेकर शिकायत की लेकिन समाधान नहीं हुआ। वार्ड संख्या 14 - गलियों में घूमने वाले मवेशियों से कब मिलेगी निजात वार्ड संख्या 14 में रहने वाले पूनमचंद राठौड़ का कहना है कि उनके मोहल्ले में मवेशियों का आंतक है। गलियों में घूमने वाले मवेशियों से हादसा होने का डर रहता है। इनसे निजात दिला दे इस बार ऐसा पार्षद चाहिए। इसी वार्ड में रहने वाली लीला देवी कहती है कि नालियां साफ नहीं होती। गंदे पानी से भरी रहती है। सालों से इस समस्या से परेशान है। समाधान कब होगा पता नहीं। वार्ड संख्या 15 - वाहनों के हॉर्न से नींद खराब हो रही वार्ड संख्या 15 के सत्यनारायण मार्ग पर रहने वाली भावना वैष्णव ने बताया कि मुख्य सड़क होने के चलते वाहनों का शोर बहुत होता है। रात के समय भी कुछ वाहन चालक तेज हॉर्न बजाते है। जो कमरे के अंदर तक सूनाई देता है। रात को ढंग से नींद तक नहीं ले सकते। इस पर लगाम लगानी चाहिए। इसी वार्ड में रहने वाली शकुंतला देवी को भी नाली की सफाई नहीं होने की शिकायत थी। बोली कि टूटी नाली को न तो दुरुस्त किया जाता है और न ही समय पर सफाई होती है।