चित्तौड़गढ़ जिले में मंगलवार रात तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने कई दिनों से बढ़ रही गर्मी से मौसम का मिजाज बदल दिया। निंबाहेड़ा में सबसे ज्यादा 60 MM बारिश दर्ज की गई, जबकि बेगूं, रावतभाटा, बस्सी और चित्तौड़गढ़ शहर समेत कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई। हालांकि बारिश के बाद हवा में नमी बढ़ने से उमस कम नहीं हुई और बुधवार सुबह लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने बुधवार को भी बारिश की संभावना जताई है, लेकिन 27 अगस्त से 2 सितंबर के बीच पूर्वी राजस्थान में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ने के आसार हैं। निंबाहेड़ा में सबसे ज्यादा 60 MM बारिश मंगलवार रात जिले में अलग-अलग जगहों पर बारिश हुई। निंबाहेड़ा में सबसे ज्यादा 60 MM बारिश दर्ज की गई। इसके बाद बेगूं में 50 MM, रावतभाटा में 48 MM, बस्सी में 43 MM और चित्तौड़गढ़ शहर में 35 MM बारिश हुई। भोपालसागर में 31 MM, राशमी में 30 MM, बड़ीसादड़ी में 20 MM, भदेसर में 18 MM, गंगरार में 16 MM और कपासन में 13 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। डूंगला में सबसे कम 4 MM बारिश हुई। इस बारिश के बाद जिले में 1 जून से अब तक कुल 525.33 MM बारिश हो चुकी है। यह सामान्य मानसून बारिश का करीब 70.04 प्रतिशत है। यानी सीजन की अच्छी शुरुआत के बाद जिले में अब तक औसत बारिश का करीब 70 फीसदी पानी गिर चुका है।