चूरू के रतनगढ़ में लिंक रोड पर एक निजी बस और बाइक की टक्कर में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना गैस एजेंसी के पास हुई। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर के वार्ड तीन निवासी 41 वर्षीय संतोष शर्मा ने रतनगढ़ पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उनके 18 वर्षीय भतीजे रोहित अपने 15 वर्षीय छोटे भाई मोहित को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। गैस एजेंसी के पास एक निजी बस गलत साइड से आई और उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत रतनगढ़ के जालान अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, रोहित कॉलेज में पढ़ता है जबकि मोहित कक्षा 10 का छात्र है। पुलिस ने संतोष शर्मा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।