दिलीप थाकन की प्रतिमा पर राखी बांधती बहन। झुंझुनूं | रक्षाबंधन पर्व शुक्रवार को मनाया गया। मेहरादासी गांव में ऑपरेशन सिंदूर में शहीद होने वाले वायुसेना के सार्जेंट सुरेंद्र कुमार मोगा की प्रतिमा पर उनकी बहनों ने राखी बांधी ऑपरेशन सिंदूर में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय वायुसेना के वीर जवान सार्जेंट सुरेंद्र कुमार मोगा (वायु सेना मेडल) की प्रतिमा पर उनकी बहन सुमन, सुनीता और विद्या ने राखी बांधी। बहनों ने भावुक होकर सुरेंद्र की प्रतिमा पर तिलक लगाया, आरती उतारी, वंदन किया और नम आंखों से प्रतिमा पर रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान शहीद की माता नानू देवी, वीरांगना सीमा देवी, बेटे दक्ष, बेटी वर्तिका आदि मौजूद थे। रक्षाबंधन पर शहीद भाइयों की याद में बहनों ने उनकी प्रतिमाओं पर राखी बांधी। अणगासर गांव के शहीद दिलीप कुमार थाकन ने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए थे। शहीद की बहन ने भाई दिलीप कुमार की प्रतिमा को राखी बांधी।