श्रीगंगानगर नगर परिषद के 65 वार्डों के लिए भाजपा ने सभी 65 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। टिकट वितरण में विधायक जयदीप बिहाणी खेमे का दबदबा नजर आया, जिसे 45 से अधिक टिकट मिले हैं, जबकि अशोक चांडक खेमे को करीब 10 टिकट मिले। सूची में पूर्व उपसभापति अजय दावड़ा, व्यापारी संजय मूंदड़ा समेत पिछली बार निर्दलीय और कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके नेताओं को भी मौका दिया गया है। पूर्व उपसभापति अजय दावड़ा को टिकट नगर परिषद के पूर्व उपसभापति अजय दावड़ा को वार्ड 58 से टिकट मिला है। दावड़ा 2014 से 2019 तक उपसभापति रह चुके हैं। पिछली बार उनकी पत्नी नीलू दावड़ा भी पार्षद थीं। अजय दावड़ा को चेयरमैन पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी संजय मूंदड़ा को वार्ड 55 से भाजपा ने टिकट दिया है। मूंदड़ा भी चेयरमैन पद के दावेदार माने जा रहे हैं। इसके अलावा वार्ड नं 22 से हरविंद्र पांडे भी दावेदारी जता सकते हैं। हरविंद्र पांडे पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष गगनदीप कौर के पति है। गगनदीप कौर पांडे पिछली बार 10 महीने तक नगर परिषद की अध्यक्ष रही थी। वार्ड 9 से निर्वेन्द्र सिंह बराड़ को टिकट मिला है। वे पिछली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए थे। इस बार भाजपा ने उन्हें चुनाव मैदान में उतारा है। पूर्व निर्दलीय पार्षद को फिर मौका एनएसयूआई के पूर्व सोशल मीडिया प्रदेश सचिव और युवा नेता हेमंत रास्लानियां को वार्ड 24 से टिकट दिया गया है। पिछली बार वे निर्दलीय पार्षद चुने गए थे। पूर्व कांग्रेस पार्षद के बेटे को टिकट वार्ड 41 से गौरव मित्तल को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। उनके पिता ओमप्रकाश मित्तल कांग्रेस के पूर्व पार्षद रह चुके हैं। पिछली बार निर्दलीय पार्षद रहे बंटी वाल्मीकि को वार्ड 57 से टिकट दिया गया है। उन्हें विधायक जयदीप बिहाणी का कट्टर समर्थक माना जाता है। भाजपा के टिकट वितरण में बिहाणी समर्थकों को मिली बड़ी हिस्सेदारी से श्रीगंगानगर की स्थानीय राजनीति में विधायक जयदीप बिहाणी का प्रभाव मजबूत होने के संकेत मिल रहे हैं। देखिए- प्रत्याशियों की पूरी लिस्ट