राजसमंद| मानसून कमजोर पड़ने से जिले में भादो की शुरुआत सूखी रहने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार 3 सितंबर तक जिले में बारिश के आसार नहीं हैं। ऐसे में अगले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना है और पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शनिवार को राजसमंद शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम साफ रहने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट रही, लेकिन दिनभर लोग गर्मी और उमस से परेशान रहे। बारिश थमने और धूप तेज होने से दिन के तापमान में 4 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है। मानसून सीजन समाप्त होने में अब केवल 17 दिन शेष हैं। ऐसे में बारिश नहीं होने से जिले में जल संकट का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। जिले के 25 बड़े बांधों में जलस्तर की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इनमें 11 बांध पूरी तरह सूखे हैं, जबकि 4 बांधों में नाममात्र पानी की आवक हुई है। शनिवार तक राजसमंद झील का जलस्तर 19.50 फीट, बाघेरी नाका का 17.80 फीट, नंदसमंद का 14.60 फीट और चिकलवास का 52.80 फीट दर्ज किया गया।