शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के गृह संभाग के जिलों में गुपचुप तरीके से डेपुटेशन का खेल चल रहा है। कुछ शिक्षक एक-एक साल से डेपुटेशन पर हैं। शिक्षकों को डेपुटेशन और शिक्षण व्यवस्थार्थ एक जिले से दूसरे जिले में भी लगाया जा रहा है। निदेशक, संयुक्त निदेशक और जिला शिक्षा अधिकारी अपने स्तर पर शिक्षकों को अस्थाई रूप से शिक्षण व्यवस्थार्थ लगाने के आदेश जारी कर रहे हैं। स्थिति यह है कि जिस स्कूल में संबंधित विषय नहीं है, वहां पर भी उस विषय के शिक्षक का डेपुटेशन कर दिया गया। एक आदेश में शिक्षा मंत्री के आदेश का हवाला दिया गया है। किसी शिक्षक का शिक्षण व्यवस्थार्थ समय पूरा होने पर डेपुटेशन की अवधि बढ़ाने के लिए गली निकालकर छोटी-छोटी अवधि में कार्यकाल बढ़ाया जा रहा है। डेपुटेशन से चहेते शिक्षकों को दूर-दराज के गांवों की स्कूलों से कोटा सिटी में आने का मौका मिल रहा है। विभाग के जानकारों का कहना है कि शिक्षा विभाग ने करीब दो साल पहले सरकारी शिक्षकों की डेपुटेशन या ड्यूटी के लिए ऑफलाइन व्यवस्था को बंद कर दिया है। इसके लिए शिक्षकों की ओर से शाला दर्पण पर ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया है। इसमें अलग-अलग काम के लिए ड्यूटी लगानी है तो वह ऑनलाइन ही लगाई जाएगी। नियमों के अनुसार अधिकतम 15 दिन के लिए किसी कार्य में लगाया जा सकता है। जयपुर भी डेपुटेशन कर दिया, आदेश में शिक्षा मंत्री की ओर से जारी आदेश का जिक्र है जून 2027 तक शिक्षण व्यवस्थार्थ का आदेश : घंटाली स्कूल से लेक्चरर प्रभा शर्मा (प्रथम ग्रेड लेक्चर-केमिस्ट्री) को शहर के राउमावि नयागांव में अस्थाई रूप से शिक्षण व्यवस्थार्थ लगाया है। माध्यमिक शिक्षा राजस्थान के निदेशक की ओर से जारी आदेश के अनुसार डेपुटेशन 28 जुलाई 2026 से 30 जून 2027 तक है। प्रभा शर्मा के परिजन कोटा में ही रहते हैं। इसलिए उनको डेपुटेशन का सीधा-सीधा फायदा हुआ। दो बार आदेश जारी कर डेपुटेशन को आगे बढ़ाया शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के विधानसभा क्षेत्र में शिक्षण व्यवस्थार्थ का अनोखा मामला आया है। संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा के आदेश से झालावाड़ जिले में डग के पास राउमावि हरनावदा से राजनीति विज्ञान विषय की व्याख्याता पूनम पचौरी को 6 से 29 अगस्त तक राउमावि नयागांव में लगाया था। अब अवधि 15 सितंबर तक बढ़ा दी है। चौंकाने वाली बात है कि इस स्कूल में कक्षा 11 वीं में राजनीति विज्ञान विषय ही नहीं है। पूनम पचौरी के परिजन कोटा में रहते हैं। ऐसे में डग के पास हरनावदा आने-जाने से राहत मिलेगी। शिक्षा मंत्री के आदेश का हवाला डीईओ (प्रारंभिक) की ओर से राउप्रावि भूलाहेड़ा सांगोद से शिक्षिका अनिता कुमारी को कोटा शहर के प्रेमनगर स्कूल में प्रतिनियुक्ति पर लगाया है। सांगोद क्षेत्र के राउप्रावि बुढ़नी से शिक्षक जितेंद्र कुमार सामरिया को रथकांकरा स्कूल में लगाया है। आदेश में शिक्षा मंत्री की ओर से स्थानांतरण / प्रतिनियुक्ति के आदेश का हवाला है। कोटा से सीधे जयपुर कार्यवस्थार्थ लगा दिया कोटा शहर के राउमावि देवली अरब से वरिष्ठ सहायक मनीष पालीवाल और राउमावि तलवंडी से वरिष्ठ सहायक अमित अग्रवाल को स्कूल शिक्षा ग्रुप-5 जयपुर कार्यालय में लगाया हुआ है। वहां से इनकी उपस्थिति जारी हो रही है। ये दोनों जयपुर के आसपास क्षेत्र के रहने वाले हैं।