मेहंदवास थानांतर्गत हसनपुरा गांव में शनिवार रात खेत में रखी ज्वार-बाजरे की कड़बी में आग लगने से कई परिवारों को आर्थिक नुकसान हुआ। ग्रामीणों के अनुसार आग में ज्वार-बाजरे की पुलियों की करीब 150 से 200 ट्रॉली जल गईं। वहीं, पुलिस को दी गई रिपोर्ट में 125 ट्रॉली कड़बी जलने की जानकारी दी गई है। कड़बी 5-6 परिवारों की थी। पीड़ित ने करीब 7 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान जताते हुए प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। आग के पास स्थित मकान की दीवारों में भी कई जगह दरारें आने की बात सामने आई है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। दरअसल हसनपुरा उर्फ अहमद नगर निवासी मोहम्मद अजीज की खातेदारी की खसरा नंबर 105/3 स्थित करीब 4 से 5 बीघा जमीन पर कड़बी रखी हुई थी। शनिवार रात करीब 11 बजे बाद अचानक आग लग गई। जो देखते ही देखते विकराल हो गई, आग की लपटें देखकर परिवार के लोगों ने पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 और नगर परिषद के अग्निशमन केंद्र को सूचना दी। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। नगर परिषद अग्निशमन केंद्र के फायर इंचार्ज शैतान सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब 11:50 बजे हसनपुरा में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद टोंक से दो दमकलें मौके पर भेजी गईं। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग काफी क्षेत्र में फैल चुकी थी। ग्रामीणों ने चार लोडर की मदद से कड़बी को ऊपर-नीचे किया। दमकलों में भी लगातार पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। आग बुझाने में करीब 2 लाख लीटर पानी खर्च हुआ। सुबह 5 बजे दोनों दमकलें वापस टोंक लौटीं। मेहंदवास थानाधिकारी रामसिंह यादव ने बताया कि हसनपुरा निवासी मोहम्मद अजीज ने आगजनी की रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में 125 ट्रॉली कड़बी जलने की जानकारी दी है।