जयपुर मेट्रो के सेकंड फेज के निर्माण में अब तेजी आएगी। मेट्रो प्रशासन पिंजरापोल गौशाला से एयरपोर्ट तक 3 किमी लंबे भूमिगत कॉरिडोर के दूसरे पैकेज का वर्क ऑर्डर इसी महीने जारी करेगा। एयरपोर्ट से खासाकोठी और खासाकोठी से टोडी मोड़ तक तीसरे व चौथे पैकेज के वर्क ऑर्डर नवंबर में जारी होंगे। दूसरे पैकेज की फाइनेंशियल बिड खुल चुकी है, जबकि तीसरे और चौथे पैकेज के टेंडर दस्तावेजों की जांच चल रही है। मेट्रो के सीएमडी वैभव गालरिया ने बताया कि अगले महीने से सभी पैकेज का काम शुरू हो जाएगा। प्रत्येक पैकेज का निर्माण पूरा करने के लिए 36 महीने की अवधि निर्धारित है। मेट्रो के दूसरे चरण में कुल 42 किमी लंबा कॉरिडोर चार पैकेज में बनाया जाएगा। प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गौशाला तक पहले पैकेज का काम शुरू हो चुका है। पूरे प्रोजेक्ट की लागत करीब 13,037 करोड़ रुपए है। इसमें आधी राशि केंद्र और आधी राजस्थान सरकार वहन करेगी। तीसरे और चौथे पैकेज के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) से वित्तीय सहायता ली गई है। चार पैकेज में ऐसे बनेगा मेट्रो कॉरिडोर