दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ रैली को लेकर भीलवाड़ा शहर कांग्रेस ने ताकत झोंक दी है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम जीपी खटीक के नेतृत्व में करीब 150 कांग्रेसजन दिल्ली पहुंचेंगे। इनके लिए दो बसों और 10 चारपहिया वाहनों की व्यवस्था की गई है। रविवार को गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में रैली की तैयारियों और संगठनात्मक रणनीति पर मंथन किया गया। बैठक में एआईसीसी पर्यवेक्षक एवं इंदौर के पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को केवल पार्टी कार्यक्रम नहीं मानकर इसे मतदाताओं के अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़कर आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। पूर्व जिलाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और सक्रिय करने तथा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया। वरिष्ठ नेता राजेन्द्र कुमार जैन ने मताधिकार के महत्व को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने की बात कही। बैठक को हमीद रंगरेज, सेवादल अध्यक्ष एवं पार्षद योगेश सोनी और चिकित्सा प्रकोष्ठ अध्यक्ष फरियाद मोहम्मद ने भी संबोधित किया। बैठक में शहर कांग्रेस ने विधायक प्रत्याशियों, पीसीसी सदस्यों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल व वार्ड अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों, विभागों, पार्षदों एवं पार्षद प्रत्याशियों सहित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अभियान से जोड़ने की रणनीति बनाई है।