रतनगढ़ | नगर पालिका की तरफ से बुधमल नेहरू स्टेडियम में दशहरा मेला 20 अक्टूबर की शाम को भरेगा। मेले में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। पालिकाध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि इस बार पालिका द्वारा दशहरा मेला लगाया जाएगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम व आतिशबाजी होगी। शाम छह बजे मेला शुरू होगा, जो पुतले के दहन के साथ संपन्न होगा। रावण के पुतले के साथ-साथ मेघनाद व कुंभकर्ण के भी 30-30 फीट ऊंचे पुतलों का दहन किया जाएगा। आयोजन को लेकर पालिकाध्यक्ष शर्मा सहित पालिका उपाध्यक्ष सरिता प्रजापत कई पार्षदों के साथ शहर के बाजारों में व्यापारियों को निमंत्रण पत्र बांटे। इस मौके पर पार्षद हेमंत ताम्रायत, सुनील कम्मा, राहुल यादव, शिवम सैनी, विशेष मिश्रा, रामधन महर्षि, रमेश सोनी आदि उपस्थित थे। भास्कर संवाददाता | चूरू दशहरे पर रेलवे कॉलोनी के दशहरा मैदान में मंगलवार को शाम 6 बजे हनुमान मंदिर विकास समिति की ओर से रावण दहन किया जाएगा। समिति की ओर से इस साल 45 फीट ऊंचे रावण के पुतले को तैयार करवाया गया है। समिति की तरफ से 1966 से रावण दहन किया जा रहा है। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि स्थानीय कारीगर रुकमानंद बरोड़ और महेश बरोड़ ने करीब 15 दिन में इस पुतले को तैयार किया है। कार्यक्रम का शुभारंभ एआईसीसी सदस्य तनवीर खान करेंगे। समिति सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं।